बेड़ुग्राम विद्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई गई, विधायक अरुण हलदार ने छात्रों को किया प्रेरित

20260706 182521 COLLAGE scaled

20260706 182521 COLLAGE

बेड़ुग्राम आचार्य गिरीश चंद्र बसु विद्यालय में श्रद्धा के साथ मनाई गई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जमालपुर के विधायक अरुण हलदार, छात्रों को राष्ट्रसेवा और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का दिया संदेश

जमालपुर: बेड़ुग्राम आचार्य गिरीश चंद्र बसु विद्यालय में भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जमालपुर के विधायक अरुण हलदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

IMG 20260706 WA0016

प्रतिकूल मौसम और कोलकाता में पूर्व निर्धारित बैठक होने के बावजूद विधायक अरुण हलदार विद्यालय पहुंचे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विशिष्ट नागरिक शुभंकर मलिक, उज्ज्वल राय, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक देबाशीष मलिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद विधायक अरुण हलदार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही विद्यालय के प्रेरणास्रोत प्रशांत कुमार बसु की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। विद्यालय की शिक्षिका द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ के साथ पूरे सभागार में देशभक्ति का वातावरण बन गया।

अपने संबोधन में विधायक अरुण हलदार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन में, कक्षा 11 में पढ़ाई के दौरान, उन्होंने डॉ. मुखर्जी की जीवनी पढ़ी थी, जिसने उनके जीवन पर गहरा प्रभाव डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी चाहते तो आरामदायक जीवन व्यतीत कर सकते थे, लेकिन उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपना जीवन देश को समर्पित कर दिया।

IMG 20260706 WA0012

उन्होंने विद्यालय प्रशासन से अनुरोध किया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी से संबंधित पुस्तकें विद्यालय पुस्तकालय में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि छात्र-छात्राएं उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर सकें। साथ ही विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक देबाशीष मलिक ने बताया कि पिछले 15 दिनों से विद्यालय में ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पक्ष’ मनाया जा रहा है। उन्होंने खराब मौसम के बावजूद विद्यालय के आमंत्रण पर उपस्थित होने के लिए विधायक अरुण हलदार के प्रति आभार व्यक्त किया।

IMG 20260706 WA0017

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समापन के बाद सभी विद्यार्थियों के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें मांस-भात परोसा गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, प्रेरणा और सामाजिक सौहार्द से परिपूर्ण रहा।